दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर सिनीडीह में तीन बहनों एवं एक भैया को सम्मानित किया गया । ज्ञात हो 7- 9 अक्टूबर 2026, तक विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के तत्वावधान में त्रिदिवसीय 37वॉं क्षेत्रीय खेल-कूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता–2026 का आयोजन टेल्को स्थित सुमंत मुसलगांवकर स्टेडियम जमशेदपुर में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। इस प्रतियोगिता में बिहार झारखंड के भैया बहन भाग लिए थे।
तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता के समग्र परिणाम में सरस्वती विद्या मंदिर सिनीडीह से बहन अंशिका ने डिस्कस थ्रो और शॉटपुट थ्रो स्पर्धा में गोल्ड मेडल प्राप्त की, पिहू कुमारी ने 4X100 मीटर रिले स्पर्धा में गोल्ड मेडल और 200मीटर स्पर्धा में सिल्वर मेडल , भैया कार्तिक कुमार ने 4x 100 मीटर रिले स्पर्धा में गोल्ड मेडल और बहन कल्पना कुमारी ने 4x 100 रिले में सिल्वर मेडल प्राप्त की।
गोल्ड मेडल हासिल करने वाली बहन अंशिका 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में होने वाले अखिल भारतीय खेल कूद प्रतियोगिता में सम्मिलित होगी । प्रधानाचार्य रामाकांत राणा ने सभी सफल भैया बहनों को सम्मानित किया और कहा कि खेल में भी अपार संभावनाएं हैं।
अनुशासित होकर अभ्यास करने से ही उच्चतम स्थान तक पहुंचा जा सकता है। इस अवसर पर संरक्षक आचार्य प्रवीण कुमार एवं आचार्या सीमा सहाय की भी प्रशंसा की गई।