सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर में आयोजित श्री रामचरितमानस अखंड पाठ का आज विधि-विधानपूर्वक हवन-पूजन के साथ भव्य समापन हुआ। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा तथा सभी आचार्यगण एवं उपस्थित जनों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रामाकान्त राणा जी ने इस अवसर पर कहा कि नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हवन-पूजन जैसे पवित्र कार्य से होना अत्यंत शुभ संकेत है। यह न केवल सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने आगे बताया कि कल से विद्यालय पूर्व निर्धारित समयानुसार नियमित रूप से संचालित होगा। नए सत्र के प्रथम दिवस पर सभी भैया-बहनों का तिलक लगाकर पारंपरिक रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। इसके साथ ही विधिवत रूप से पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों से समय पर उपस्थित होकर नए सत्र की शुरुआत में सहभागी बनने का आग्रह किया है।