दिनांक 26 फरवरी 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, सिनीडीह के प्रांगण में जेईई (मेंस) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पाँच विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान में एक गरिमामयी “सम्मान-सभा” का आयोजन किया गया।
इस प्रतिष्ठित परीक्षा में विद्यालय के भैया हिमांशु कुमार (98.3 परसेंटाइल), गौरव कुमार (97 परसेंटाइल), देवांग कुमार सिंह (93.52 परसेंटाइल), प्रिंस कुमार (90 परसेंटाइल) एवं सार्थक नमन (90 परसेंटाइल) ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
अपने अनुभव साझा करते हुए हिमांशु कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं परिजनों को दिया। अभिभावक श्री ललन प्रसाद यादव ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर, सिनीडीह इस क्षेत्र में प्रतिभाशाली एवं संस्कारित विद्यार्थियों के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रामाकांत राणा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में अपार क्षमता निहित होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर परिश्रम करते हुए आगे बढ़ने की। इसी मार्ग पर चलकर सफलता की ऊँचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर परीक्षा विभाग प्रमुख श्री अशोक कुमार सिंह सहित आचार्यगण—राजेश शर्मा, अरविंद कुमार, मानिक सेन, प्रियंका बागची, राणा प्रताप सिंह, सुधीर कुमार, धर्मेंद्र तिवारी, अजय पांडे, विनीता कुमारी, सुलेखा कुमारी एवं सुतपा विश्वास उपस्थित रहे।